23 जुलाई 2019 - 17:40
बड़ी खबरः ईरान में पकड़े गये सीआईए के जासूसी गिरोह के ब्योरे का एलान !

ईरान में सुरक्षा एजेन्सी ने अमरीका की खुफिया एजेन्सी सीआईए के लिए जासूसी करने वाले एक गिरोह को पकड़ा है ।

ईरान के गुप्तचर मंत्रालय ने एक बयान जारी करके बताया है कि सीआईए के लिए जासूसी करने वाले 17 प्रशिक्षित जासूसों को कुछ महीनों पहले गिरफ्तार किया गया था जो अकेले और सामूहिक रूप से जासूसी कर रहे थे। 

बयान के अनुसार , यह लोग ईरान के संवेदनशील व महत्वपूर्ण संस्थाओं व विभागों, निजी संगठनों व संस्थाओं तथा आर्थिक, परमाणु, सैन्य और साइबर क्षेत्रों में ठेकेदार या सलाहकारों के रूप में कार्यरत थे। 

इन लोगों को सीआईए की ओर से यह ज़िम्मदेारी सौंपी गयी थी कि वह विभिन्न विभागों से अतिमहत्वपूर्ण व संवेदनशील सूचनाएं एकत्रित करें और उन्हें सीआईए को दें। 

रिपोर्ट के अनुसार सीआईए ने विभिन्न   अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक  सम्मेलनों के अवसर पर  अमरीकी वीज़ा देने या बढ़ाने, ईरानी विशेषज्ञों को भारी  वेतन पर नौकरी देने तथा सोशल मीडिया द्वारा इन लोगों को अपने साथ सहयोग पर तैयार किया था। 

ईरान के गुप्तचरमंत्रालय ने बताया है कि एशिया और युरोप के कुछ देशों की खुफिया एजेन्सियों ने इस पूरी प्रक्रिया में जो सहयोग दिया है हम उसकी अनदेखी नहीं कर सकते और निश्चित रूप से इसकी ज़िम्मेदारी इन देशों पर होगी।